झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत समाज के प्रत्येक वर्ग को साक्षर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को साक्षरता जागरूकता रथ को जिला कलेक्टर कार्यालय झुंझुनूं से उपखंड अधिकारी झुंझुनूं कौशल्या बिश्नोई एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि उल्लास–नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नागरिक शिक्षा से वंचित न रहे। इस उद्देश्य की प्राप्ति हेतु यह साक्षरता रथ जिले के समस्त ब्लॉकों में भ्रमण कर निरक्षर एवं अल्प साक्षर नागरिकों को पढ़ना–लिखना, दैनिक उपयोगी गणितीय ज्ञान, डिजिटल साक्षरता एवं आत्मनिर्भरता प्राप्त करने हेतु उल्लास कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
यह रथ अपने भ्रमण के दौरान जिले के समस्त ब्लॉकों में चिन्हित ग्राम पंचायतों में पहुंचकर बैनर, पोस्टर व ऑडियो संदेशों के माध्यम से साक्षरता के महत्व का प्रचार–प्रसार करेगा।
साक्षरता जागरूकता रथ की रवानगी के अवसर पर डाइट व्याख्याता दामोदर जांगिड़, सहायक परियोजना अधिकारी रीना बाई, सहायक सांख्यिकी अधिकारी योगेन्द्र सिंह एवं व्याख्याता अजय सिंह मौजूद रहे।