बीकानेर। श्री कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लिए डीएमएफटी मद से 5.48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस राशि से क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे पेयजल संकट के समाधान, ग्रामीण आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के कार्य किए जाएंगे।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में बज्जू उपखंड के ग्राम मोटासर में डिग्गी लाइन कार्य के लिए 35.70 लाख रुपये, भाटियों की ढाणी से सेवड़ा डिग्गी तक मेन लाइन तथा सोफरो नगर की ढाणियों में पाइपलाइन बिछाने के लिए 75.34 लाख रुपये, ग्राम पंचायत सेवड़ा के गहलोत नगर में नए जलकूप, जल होद और पाइपलाइन निर्माण के लिए 30.29 लाख रुपये, ग्राम पंचायत जग्गासर में 100×100 क्षमता की दो डिग्गियों के निर्माण के लिए 14.51 लाख रुपये, मीरणवाला में डिग्गी निर्माण के लिए 12.37 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत तेजपुरा में डिग्गी और पाइपलाइन कार्य के लिए 12.37 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही चोहानों की ढाणी बज्जू-तेजपुरा में पाइपलाइन बिछाने के लिए 39.44 लाख रुपये, ग्राम दियातरा में नए जलकूप और जल होद के लिए 25 लाख रुपये, ग्राम पंचायत बीठनोक में 10 हजार लीटर क्षमता की डिग्गी निर्माण के लिए 59.23 लाख रुपये, ग्राम कोटड़ा में ट्यूबवेल निर्माण और जीएलआर से कनेक्शन के लिए 49.60 लाख रुपये तथा ग्राम गुड़ा में जीएलआर और पंप हाउस निर्माण के लिए 28.60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं ग्राम पंचायत राणासर-पाबू सर की आरडब्ल्यूएसएस योजना के रेज्युवनेशन और आधुनिकीकरण के लिए 46 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत गोगड़ियावाला के ग्राम भडल में सीसी ब्लॉक सड़क निर्माण, भूरासर पुराना से करणीसर भाटियों का बेरा तक लगभग दो किलोमीटर सड़क तथा तंवरवाला से करणीसर तक तीन किलोमीटर नई सड़क निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
विधायक भाटी ने कहा कि पेयजल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीणों को स्थायी राहत मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार और संबंधित विभागों का आभार जताते हुए कहा कि कोलायत क्षेत्र के हितों को लेकर सरकार हर स्तर पर संवेदनशीलता से निर्णय ले रही है।