बीकानेर। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय बीकानेर चिल्ड्रन फेस्टिवल–आजू गूजा 2.0 के दूसरे दिन बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। खेल, कला, विज्ञान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों के बीच शनिवार को करीब 25 हजार बच्चों की एंट्री दर्ज की गई। पूरा परिसर बच्चों की चहचहाहट, रंग-बिरंगे माहौल और उल्लास से गूंज उठा।
फेस्टिवल में आर्ट एंड क्राफ्ट, पेंटिंग, साइंस एवं इनोवेशन स्टॉल, कठपुतली शो, मैजिक शो, फन गेम्स और लाइव परफॉर्मेंस बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहे। अभिभावकों ने आयोजन को बच्चों की रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया। परिवहन विभाग द्वारा बनाए गए विशेष ट्रैफिक पार्क में बच्चों को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सिग्नल व संकेतों की जानकारी दी जा रही है, जहां पजल गेम के माध्यम से सीख को रोचक बनाया गया है।
यह आयोजन जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि का नवाचार है, जिसका उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ खुशी, सीख और कल्पनाशीलता का मंच देना है। फेस्टिवल में देशभर से आए कलाकार थिएटर, माइम, पॉटरी, ऑरिगेमी, म्यूजिक-डांस, बीटबॉक्स, ग्रैफिटी वर्कशॉप और लाइव थिएटर परफॉर्मेंस प्रस्तुत कर रहे हैं। पहली बार 15–17 फीट ऊंची जायंट पपेट और जॉइंट पतंगें बच्चों को खूब लुभा रही हैं।
रविवार को टिडली पिडली मंच और कॉन्शियस कॉर्नर पर स्टोरी टेलिंग, माइम, लोककथा, ड्रम सर्कल, म्यूजिकल स्टोरी, स्टोरी व सॉन्ग राइटिंग जैसी गतिविधियां होंगी। फेस्टिवल 16 से 18 जनवरी तक सुबह 10 से शाम 5 बजे चलेगा, जिसमें 3 से 14 वर्ष तक के बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। केवल बच्चों के साथ आए परिजनों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।