बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि जल जीवन मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में अभूतपूर्व बदलाव आया है और अब करोड़ों परिवारों को नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को राहत पहुंचाना है और इसके लिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
शनिवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मंत्री ने अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। सहजरासर में जल जीवन मिशन के तहत बने उच्च जलाशय व पाइपलाइन, गारबदेसर में नवीन विद्यालय भवन व कक्षा-कक्ष, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर-नर्स आवास, आडसर में 33/11 केवी जीएसएस तथा कालू में खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया गया।
मंत्री गोदारा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में क्षेत्र में सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया तथा कहा कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।