अमृता हाट मेले में उमड़ी भीड़, ‘आशाएं–द जेल बैंड’ की देशभक्ति धुनों ने बांधा समा

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में आयोजित संभाग स्तरीय अमृता हाट मेला मंगलवार को दूसरे दिन भी उत्साह और रौनक के साथ जारी रहा। बड़ी संख्या में आमजन ने मेले का अवलोकन किया, वहीं केंद्रीय कारागृह के ‘आशाएं – द जेल बैंड’ ने देशभक्ति तथा सांस्कृतिक गीतों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि दूसरे दिन भी महिलाओं और परिवारों ने मेले में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैंड की सुमधुर प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस दौरान महिलाओं को बैंकिंग साक्षरता एवं कैरिकेचर प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिसे प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

*लाख की चूड़ियां, अजरख प्रिंट और ब्लॉक पेंटिंग बने आकर्षण का केंद्र*

मेले में लगी हस्तशिल्प सामग्री में महिलाओं द्वारा तैयार की गई लाख की चूड़ियां, बाड़मेर का अजरख प्रिंट, और ब्लॉक पेंटिंग खास आकर्षण रहीं।
मंगलवार को स्टॉल्स की संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो गई, जिनमें प्रदेश के लगभग सभी जिलों की महिलाओं ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए हैं। मेले का आयोजन इस बार पूर्णतः राजस्थानी थीम पर किया जा रहा है। सप्ताहभर चलने वाले मेले में अमृता शेफ, अमृता फैशन शो सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी, जिनका उद्देश्य महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है।

*महिलाएं ऐसे अवसरों से बढाएं अपनी आर्थिक मजबूती*

केंद्रीय जेल अधीक्षक अभिषेक शर्मा ने कहा कि महिलाएं अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग करते हुए आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनें। ऐसे अवसर उनके विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होते हैं।
समाज कल्याण अधिकारी नंदकिशोर राजपुरोहित ने कहा कि अमृता हाट जैसी पहल उन महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी है, जिनके पास हाथ का हुनर है और जिन्हें मंच की आवश्यकता होती है। श्रीमती शंकुतला ने भी मेले की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। बुधवार को मेला प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!