बीकानेर (नारायण उपाध्याय)।शहर में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था और बढ़ते नशे के जाल के खिलाफ अब बीकानेर पुलिस ग्राउंड जीरो पर उतर चुकी है। बुधवार को नयाशहर थाना इलाके में एकाएक सड़क पर पुलिस और आरएसी का भारी दस्ता तथा उनके आगे चल रहे थ्री-स्टार खाकी के अधिकारियों को देखकर दुकानदारों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। बुधवार देर रात को सीओ अनुज डाल के नेतृत्व में ट्रैफिक इंचार्ज नरेश निर्वाण और नयाशहर थानाधिकारी कविता पुनिया ने पुलिस टीम व आरएसी के जवानों के साथ नयाशहर थाना क्षेत्र में पैदल गश्त और आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, वहीं पुलिस ने सख्ती के साथ-साथ नरमी भी दिखाई।
नयाशहर थानाधिकारी कविता पुनिया ने बताया कि पुगल फांटा, पंडित धर्मकांटा, कोठारी हॉस्पिटल और जस्सूसर गेट क्षेत्रों में सीओ अनुज डाल व ट्रैफिक इंचार्ज नरेश निर्वाण के साथ पैदल गश्त की गई। अभियान के दौरान जहां अतिक्रमण करने वालों के सामान जब्त कर मौके पर चालान बनाए गए, वहीं कई स्थानों पर दुकानदारों से समझाइश भी की गई। पुलिस ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में दुकानों के आगे अतिक्रमण न करें, ताकि यातायात बाधित न हो।
इसके साथ ही नो-पार्किंग में खड़े दुपहिया व अन्य वाहनों के खिलाफ भी मौके पर ही कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। पुगल फांटा क्षेत्र में पुलिस वाहनों द्वारा दुपहिया सहित अन्य वाहनों की सघन जांच भी की गई। पूरे अभियान के दौरान नयाशहर पुलिस और आरएसी का भारी जाब्ता मौजूद रहा।
गौरतलब है कि नयाशहर थाना क्षेत्र में इन दिनों पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ी हुई नजर आ रही है। पैदल गश्त और आकस्मिक चेकिंग के जरिए पुलिस आमजन में सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश दे रही है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है।