निवाई (लालचंद सैनी): ढाणी जुगलपुरा के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर ढाणी जुगलपुरा को कैरोद पंचायत से हटाकर निवाई नगर पालिका में ही यथावत रखने की मांग की है। इस दौरान ग्रामीणों ने मांगों को लेकर घंटाघर व कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि नगर पालिका के परिसीमन के दौरान संपूर्ण ग्राम पंचायत ढाणी जुगलपुरा को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल कर लिया गया था। इसके अलग-अलग वार्ड बनाकर नक्शा भी प्रदर्शित किया गया था। हालांकि ग्राम पंचायतों के मौजूदा परिसीमन में ढाणी जुगलपुरा का कुछ मुख्य आबादी क्षेत्र ढाणी जुगलपुरा कलां के नाम से जाना जाता है। उसे केरोद ग्राम पंचायत में जोड़ दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि ढाणी जुगलपुरा कलां व ढाणी जुगलपुरा एक ही गांव है। यह संपूर्ण हिस्सा ग्राम पंचायत ढाणी जुगलपुरा का हिस्सा है। ग्रामीणों ने ढाणी जुगलपुरा को नगर पालिका में ही रखने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनके क्षेत्र को कैरोद पंचायत में ही रखा गया तो ग्रामीण आगामी मतदान का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस मामले को लेकर भविष्य में कोई आंदोलन करना पड़ा तो उसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने में विक्रम सिंह गुर्जर, गिरिराज मीणा, रामप्रसाद परिडवाल, राजेश मीणा, मुकेश जांगिड़, हंसराज मीणा, विजय सिंह, बजरंग लाल जाट, आरिफ कुरैशी, पारस सैनी, कलावती गुर्जर, हंसा देवी, रेणु देवी, राजू मीणा, हरीश मीणा व लखन मीणा सहित कई ग्रामीण शामिल थे।
ढाणी जुगलपुरा कलां को निवाई नगर पालिका में ही यथावत रखने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*
By -
December 22, 2025
0
Tags: