‘वंदे मातरम् की पुकार, श्रमिक सुरक्षा का विस्तार’ प्रदर्शनी का मंत्री मेघवाल ने किया उद्घाटन

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को महारानी उच्च माध्यमिक विद्यालय में केंद्रीय संचार ब्यूरो, जोधपुर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी की थीम ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ और ‘श्रमिक सुरक्षा के विस्तार’ पर केंद्रित है।

मेघवाल ने कहा कि वंदे मातरम् ने आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के श्रमिक कल्याण, रोजगार सुधार, मातृत्व अवकाश जैसे योगदानों को भी याद किया।

उन्होंने बताया कि नए श्रम कानूनों से देश के श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे। साथ ही केंद्र व राज्य सरकारों की किसानों, महिलाओं, युवाओं और आमजन के लिए चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

प्रदर्शनी में नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, कृषि, आयुर्वेद, डाक विभाग, स्टेट बैंक, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, ग्रामीण विकास और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

केंद्रीय संचार ब्यूरो व पीआईबी के निदेशक अनुभव बैरवा ने बताया कि प्रदर्शनी को 9 थीम आधारित ज़ोन में विभाजित किया गया है, जिसमें डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास और रक्षा नवाचार जैसे विषयों पर आकर्षक प्रदर्शितियाँ, वर्चुअल रियलिटी अनुभव, डिजिटल क्विज और सेल्फी पॉइंट शामिल हैं।

कार्यक्रम में मंत्री मेघवाल ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रदर्शनी 10 दिसंबर तक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।
अंत में पीआईबी के आशीष वर्मा ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में चंपालाल गैदर, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, गुमान सिंह राजपुरोहित, अशोक प्रजापत, सुनील जावा सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!