जैसलमेर। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर पुलिस ने दो बड़े मामलो में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला रामदेवरा थाना क्षेत्र का है, जहां 11 सितंबर 2025 को मंजूर खां पर हुए हमले में हत्या के प्रयास की गंभीर वारदात सामने आई थी। प्रार्थी उस्मान खां ने रिपोर्ट दी थी कि उसका पुत्र मजदूरों को लेने पिकअप लेकर निकला ही था कि दो कैंपर गाड़ियों में 15–20 लोग लाठी-हॉकी लेकर पहुंचे और नजीब पुत्र सदीक खां द्वारा चलाई गई गाड़ी ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी। इसके बाद मुजीब पुत्र भाई खां सहित अन्य लोग मंजूर खां को गाड़ी से उतारकर बेरहमी से मारपीट कर मरा समझकर भाग गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक शिवहरे के आदेशानुसार एएसपी पोकरण प्रवीण कुमार, वृताधिकारी भवानीसिंह व थानाधिकारी खेताराम गोदारा के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रकरण में वांछित चार आरोपियों मुबारक पुत्र बच्चू खां (34), अब्दुल रऊफ पुत्र इस्लामदीन (27), अब्दुल हई पुत्र इस्लामदीन (21) और नसीर उर्फ नसरुद्दीन पुत्र वली मोहम्मद (19) को पकड़ा और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में हैडकांस्टेबल नारायणसिंह, कांस्टेबल सुभाषचंद्र, जसाराम, रामनारायण, श्याम गोदारा व हनुमानाराम चालक शामिल रहे।
दूसरा मामला सदर थाना जैसलमेर का है, जहां 11 अक्टूबर 2025 को जीवणसिंह ने रिपोर्ट दी कि उसका रिश्तेदार नींबसिंह रात्री में ट्यूबवेल से घर लौट रहा था, तभी गांव थईयात के पांच युवकों पुष्पेन्द्रसिंह पुत्र अमानसिंह (21), योगेन्द्रसिंह उर्फ जोगसिंह पुत्र भगवानसिंह (25), भवानीसिंह पुत्र इन्द्रसिंह (21), उम्मेदसिंह पुत्र बाबुसिंह (27) और मुकेशसिंह पुत्र प्रेमसिंह (22) ने धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर मारपीट की। एसपी शिवहरे के निर्देशन में एएसपी रेवन्तदान व डिप्टी रूपसिंह ईन्दा (अ.जा/ज.जा प्रकोष्ठ) की सुपरविजन में त्वरित अनुसंधान करते हुए पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।