बीकानेर। हवाई सेवाओं के रद्द होने से बढ़े अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्गापुरा (जयपुर)-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल, हिसार-खडकी स्पेशल तथा दिल्ली सराय–साबरमती आरक्षित स्पेशल सहित कई विशेष रेल सेवाओं का संचालन करने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को तत्काल राहत पहुंचाने हेतु इन ट्रेनों को एक-एक ट्रिप के रूप में चलाया जा रहा है।
दुर्गापुरा–बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (09729) दिनांक 07 दिसंबर को 12.25 बजे दुर्गापुरा से रवाना होकर अगली सुबह 07.00 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी, जबकि वापसी सेवा (09730) दिनांक 08 दिसंबर को 10.00 बजे बांद्रा से रवाना होकर अगले दिन 05.30 बजे दुर्गापुरा पहुंचेगी। यह ट्रेन वनस्थली निवाई, सवाईमाधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, वडोदरा, भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड, वापी, पालघर व बोरीवली पर ठहराव करेगी। इस सेवा में कुल 23 कोच होंगे, जिनमें 1 फर्स्ट मय सेकंड एसी, 2 सेकंड एसी, 5 थर्ड एसी, 9 स्लीपर, 4 जनरल एवं 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।
हिसार–खडकी स्पेशल (04725) 07 दिसंबर को सुबह 05.50 बजे हिसार से रवाना होकर 12.40 बजे जयपुर पहुंचेगी और 13.00 बजे जयपुर से प्रस्थान कर अगले दिन 10.45 बजे खडकी पहुंचेगी। वापसी ट्रेन (04726) 08 दिसंबर को 17.00 बजे खडकी से रवाना होकर मंगलवार को 14.40 बजे जयपुर पहुंचेगी और 14.50 बजे प्रस्थान कर 22.25 बजे हिसार पहुंचेगी। यह ट्रेन सादुलपुर, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़, सीकर, रींगस, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाईमाधोपुर, कोटा, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, गोधरा, वडोदरा, भरूच, सूरत, वलसाड, वापी, बसई रोड, कल्याण, लोणावला व चिंचवड़ पर ठहरेगी। इस सेवा में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 1 फर्स्ट मय सेकंड एसी, 2 सेकंड एसी, 7 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 2 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।
दिल्ली सराय–साबरमती आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस (04062) 06 दिसंबर को सुबह 8:10 बजे दिल्ली सराय से रवाना होकर 14.15 बजे जयपुर पहुंचेगी और 14.25 बजे प्रस्थान कर रात्रि 00.30 बजे साबरमती पहुंचेगी। इसकी वापसी सेवा (04061) 07 दिसंबर को 05.30 बजे साबरमती से रवाना होकर 15.45 बजे जयपुर पहुंचेगी तथा 15.55 बजे प्रस्थान कर रात 23.00 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी। ट्रेन दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबूरोड और पालनपुर पर ठहरेगी। इस विशेष रेल सेवा में 5 सेकंड एसी, 12 थर्ड एसी और 2 पावर कार डिब्बे होंगे।