दलितों के सार्वजनिक कुएं पर अवैध कब्जा: प्रशासन-पुलिस पर मिली भगत का आरोप

AYUSH ANTIMA
By -
0


अलवर: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार दलितों और गरीबों के प्रति जवाबदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में दलित समाज के लोगों पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं और उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। बुधवार को अलवर स्थित अपने कार्यालय में माचड़ी गांव के पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जूली ने बताया कि माचड़ी गांव में दलित समाज के सार्वजनिक कुएं पर कुछ प्रभावशाली लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि प्रशासन और पुलिस ने कब्जा रोकने के बजाय उसमें सहयोग किया। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत जिला कलक्टर से की गई है, जिन्होंने जांच कराने का भरोसा दिलाया है। जूली ने मांग की कि इस अवैध कब्जे में शामिल प्रशासनिक अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया जाए और कुएं से कब्जा हटाकर दलित समाज को पुनः उपयोग का अधिकार दिलाया जाए। टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद दलित एवं गरीब लोगों पर अत्याचार बढ़ गए हैं। हाल ही में परबतसर में बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति तोड़ने की घटना इसका उदाहरण है, लेकिन सरकार ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि माचड़ी गांव की शिकायत लेकर करीब 100 ग्रामीण पुलिस थाने पहुंचे, परंतु उनकी सुनवाई तक नहीं हुई। यदि प्रशासन समय पर कार्रवाई नहीं करता है तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!