बहरोड़ (श्रीराम इंदौरिया): मंथन फाऊंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष में साप्ताहिक सेवा श्रृंखला का आयोजन किया, जिसका समापन बुधवार को भाजपा नेता मोहित यादव की शुभकामनाओं के साथ किया गया। श्रृंखला संयोजक डॉ.सविता गोस्वामी ने बताया कि ‘सहानुभूति नहीं सहयोग चाहिए’ की थीम के साथ शुरू की गई इस श्रृंखला में सर्वप्रथम बच्चों को ट्रैकसूट वितरित किए गए। शैक्षिक भ्रमण हेतु ऐनआईआईटी यूनिवर्सिटी नीमराणा ले जाया गया, जहाँ खुशियों का इंद्रधनुष कार्यक्रम अंतर्गत साइनसॉयड ग्रुप के छात्र छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करवाए। इसी कड़ी में ‘मंथन सशक्त दिव्यांग सम्मान’ समारोह का आयोजन किया गया, सहायक उपकरण वितरित किए गए, जैकेट व टिफिन वितरित किए गए, दिव्यांगजन अपनी बात रख सके उसके लिए टॉक शो का आयोजन किया गया। साथ ही डॉ.पीयूष गोस्वामी ने बताया कि यही नहीं बहरोड़ के साथ साथ अलवर में भी जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र पर भी जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर दिव्यांग जन को सशक्त बनाने तथा आमजन को जागरूक करने की दिशा में सार्थक कदम उठाए गए। बुधवार को इस शृंखला के समापन पर मंथन स्पेशल स्कूल के बच्चों ने खेल कूद, डांस, स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ इत्यादि के माध्यम से इस दिन को पूरी तरह से खुलकर जिया और यादगार बनाया।
*भाजपा नेता मोहित यादव का दिव्यांगजन के नाम संदेश*
यह दिन बच्चों के लिए और अधिक खास बन गया, जब भाजपा नेता मोहित यादव द्वारा वीडियो के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित की गई तथा मंथन के प्रयासों की सराहना की गई। उन्होंने सुधाचंद्रन, इरा सिंगला जैसी हस्तियों का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि वो कर सकते हैं तो आप क्यों नहीं, आपको अपने ऊपर विश्वास रखना है और अपनी रुचि अनुसार अपने कार्यक्षेत्र का चुनाव कर सफलता की ऊंचाइयों को छूना है। साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील कर कहा कि इस शुभ दिवस पर संकल्प लें कि जिस भी प्रकार से संभव हो दिव्यांगजन का साथ देकर उन्हें आगे बढ़ाने में सहयोग करें।