विश्व एड्स दिवस पर अनूठी पहल: रेड लाइट एरिया में गूंजा विधिक चेतना का स्वर

AYUSH ANTIMA
By -
0



अलवर: विश्व एड्स दिवस के अवसर पर मालाखेड़ा के कलसाड़ा बाग (रेड लाइट एरिया) में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर ने एक संवेदनशील और मानवीय पहल करते हुए विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक्शन प्लान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत भंडारी के निर्देशन और स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष गजेन्द्रपाल मोगा के प्रेरक संदेश का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए प्राधिकरण के सचिव मोहनलाल सोनी ने उपस्थित महिलाओं, पुरुषों और स्थानीय निवासियों से संवाद कर यह स्पष्ट संदेश दिया कि एड्स से पीड़ित व्यक्ति किसी भी प्रकार के भेदभाव या छुआछूत के पात्र नहीं हैं। उनके साथ संवेदनशीलता, सम्मान और सहानुभूति के साथ व्यवहार करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मालाखेड़ा के न्यायिक मजिस्ट्रेट आरुष त्रिपाठी ने भी लोगों को कानूनी अधिकारों, चिकित्सा सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। वक्ताओं ने बताया कि सरकार द्वारा एड्स प्रभावितों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, परामर्श केंद्र और पालनहार योजना जैसी पहलें चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर प्रभावित परिवार अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं।
इस अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी लक्ष्मण, थानाधिकारी हरदयाल मय पुलिस जाब्ता, सक्षम महिला विकास संस्था की सदस्य पिंकी, स्थानीय सरपंच बच्चू सिंह चौधरी, उपसरपंच प्रेम प्रकाश सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता और विधि विद्यार्थी उपस्थित रहे। विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल ने कलसाड़ा बाग क्षेत्र में नई जागरूकता, विश्वास और सम्मान का वातावरण पैदा किया है, जिससे स्थानीय निवासियों को समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक शामिल होने की प्रेरणा मिली है।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!