रसद विभाग की टीम ने किया घर-घर सर्वे, पात्रों को राहत, अपात्रों को ‘गिवअप’ का संदेश

AYUSH ANTIMA
By -
0



बीकानेर। रसद विभाग की टीम ने बुधवार को जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा के नेतृत्व में छत्तरगढ़ की ग्राम पंचायत 1 केएम में खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्र एवं अपात्र परिवारों का गहन घर-घर सर्वे किया। सुबह से शाम तक चले इस अभियान में प्रत्येक परिवार की आर्थिक स्थिति, राशन कार्ड से जुड़ी जानकारी, पारिवारिक सदस्यों की संख्या तथा योजना से संबंधित दस्तावेजों की मौके पर ही जांच की गई।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि सर्वे के दौरान जो परिवार पात्र पाए गए, उन्हें शीघ्र खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। वहीं, जो परिवार अपात्र की श्रेणी में आए, उन्हें ‘गिवअप योजना’ के तहत स्वेच्छा से लाभ छोड़ने के लिए समझाइश की गई। उन्होंने बताया कि गिवअप करने से वास्तविक जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंचता है और पूरी व्यवस्था अधिक पारदर्शी व न्यायसंगत बनती है। इस दौरान ग्रामीणों को गिवअप प्रक्रिया की सरलता और समय सीमा की भी जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान प्रवर्तन अधिकारी मुनेश कुमार मीणा भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को राशन वितरण प्रणाली, पारदर्शिता तथा शिकायत निवारण तंत्र के बारे में विस्तार से बताया और उनकी शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया। सर्वे के दौरान घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू परिवारों के प्रति विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए, पात्र पाए गए परिवारों को मौके पर ही खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि सर्वे के निष्कर्षों के आधार पर पात्रता सूची को शीघ्र अद्यतन किया जाएगा, ताकि खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ सही और जरूरतमंद परिवारों तक सुनिश्चित रूप से पहुंच सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!