नोखा, पुखराज शर्मा। नोखा थाना क्षेत्र के नोखागांव के बाहर स्थित बाईपास के हिंयादेसर फांटे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ने पिकअप वाहन को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे खड़े युवक को चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वार्ड नंबर 4 निवासी राधेश्याम पुत्र जेठाराम ब्राह्मण बाईपास पर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक कंटेनर चालक ने आगे चल रही पिकअप को बचाने की कोशिश की। अचानक किए गए इस प्रयास में कंटेनर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे राधेश्याम से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि राधेश्याम कंटेनर के नीचे फंस गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को कंटेनर के नीचे से बाहर निकाला और गंभीर अवस्था में नोखा के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक का शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।