अलवर: शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। यह अभियान भगत सिंह सर्किल से लेकर शिक्षा विभाग कार्यालय तक चलाया गया। अतिक्रमण अधिकारी निशा लखानी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नालियों के ऊपर और आसपास अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इसमें ठेले, खोखे और अन्य अस्थायी अतिक्रमण शामिल थे, जो नालियों की सफाई और आमजन की आवाजाही में बाधा बन रहे थे। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी अतिक्रमण हटवाए और क्षेत्र की साफ-सफाई कराई। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद नगर निगम द्वारा दीवारों पर प्रिंटिंग कराई जाएगी, जिससे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके तथा दोबारा अतिक्रमण न हो। इसके साथ ही नालियों की नियमित साफ-सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा। नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्वच्छता, सुचारू आवागमन और शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
3/related/default