बीकानेर। पवन पुरी स्थित शनि मंदिर के पास शुरू किए गए मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र में जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने शनिवार को पुराने गर्म कपड़ों का दान कर मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। उन्होंने बीकानेरवासियों से अपील करते हुए कहा कि पहनने योग्य पुराने कपड़े, गर्म वस्त्र, जूते-चप्पल, बर्तन, खिलौने, कॉपी-किताबें व अन्य उपयोगी घरेलू सामान जरूरतमंदों तक पहुँचाने हेतु सद्भावना केंद्र में दान करें।
कलेक्टर ने बताया कि केंद्र पर एकत्रित वस्तुओं को व्यवस्थित कर विभिन्न संस्थाओं और स्वयंसेवी समूहों के सहयोग से गरीब परिवारों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आसपास टाइल्स लगाने व बैठने हेतु बेंच लगाने के निर्देश भी दिए।
नगर निगम कमिश्नर मयंक मनीष ने बताया कि जिले में अब तक 05 मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र खोले जा चुके हैं। मुख्यालय, दुर्गादास सर्किल, दीनदयाल सर्किल, पूगल रोड बड़ा कब्रिस्तान और पवन पुरी में नया केंद्र। छठा केंद्र जल्द ही जयनारायण व्यास कॉलोनी में खुलेगा। पवन पुरी केंद्र प्रतिदिन सुबह 8 से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। कमिश्नर ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से बीकानेर “मानवता और सहकारिता” की मिसाल बनेगा।