जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): सिंधी समाज की शीर्ष संस्था पूज्य सिंधी सेन्ट्रल पंचायत महानगर जयपुर के तत्वावधान में कुम्भा मार्ग, प्रताप नगर स्थित सिंधु सागर भवन में विशाल समाज उपयोगी भवनों का निर्माण आरम्भ हुआ। शुक्रवार को पंडित मनोज शर्मा के आचार्यत्व में भूमि पूजन का आयोजन हुआ। अध्यक्ष गिरधारी मनकानी और महासचिव धर्मदास मोटवानी ने वेद मन्त्रों से गणेश पूजन, शोडष मातृका पूजन, नवग्रह पूजन, भूमि पूजन सहित वास्तु पुरुष पूजन, भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। जल और ज्योति की आराधना कर भगवान झूलेलाल का पूजन किया गया। नारायण दास नाज़वानी ने कहा कि सनातन धर्म में निर्माण से पूर्व भूमि पूजन का महत्व है, निर्माण कार्य आरंभ करने से पूर्व भूमि और वास्तु का पूजन किया जाता है ताकि निर्माण कार्य में आने वाली सभी बाधाएँ और नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाएँ। यह अनुष्ठान भूमि को पवित्र और शुभ करने के लिए होता है। अर्जुन दास मेहरचंदानी ने बताया की सिंधु सागर भूमि पर पढ़ने वाले बच्चों के लिए छात्रावास और पुस्तकालय, वरिष्ठजनों के लिए वृद्ध आश्रम, समाज की सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन के लिए ऑडिटोरियम, श्रद्धालुओं के लिए मंदिर महिलाओं के प्रशिक्षण के लिए रोजगार प्रशिक्षण केंद्र तथा विवाह सहित अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए बैंक्विट का निर्माण कराया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में शहर की पंचायतों, संस्थाओं, व्यापार मंडलों के सदस्य और भामाशाह उपस्थित रहे। सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज ने ऑनलाइन पल्लव प्रार्थना कर सभी के कल्याण के लिए आशीर्वाद दिया। स्वामी गुलराज उदासी और साध्वी तरुणा जी ने भी आशीर्वचन दिए। दुबई से आए एनआरआई मोहन गुरनानी ने निर्माण में सहयोग देने की बात कही।
सिंधु सागर भवन में हुआ भूमि पूजन: छात्रावास, पुस्तकालय सहित अन्य भवनों का होगा निर्माण*
By -
December 05, 2025
0
Tags: