राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र कुमार पुरोहित तथा विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर डॉ. अन्नाराम शर्मा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेंद्र कुमार पुरोहित ने स्वयंसेवकों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही सच्ची साधना है और एनएसएस के मूल्य राष्ट्र निर्माण की दिशा में युवाओं को सही मार्ग दिखाते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अन्नाराम शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि एनएसएस ग्रामीण एवं शहरी पृष्ठभूमि के छात्र-छात्राओं को अपनी क्षमताओं और महत्वाकांक्षाओं को साकार करने का सशक्त मंच प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने युवाओं से लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्पित रहते हुए राष्ट्र व समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
जिला समन्वयक डॉ. घनश्याम बीठू ने ‘मैं’ के स्थान पर ‘आप’ की भावना को अपनाने पर जोर देते हुए सेवा, सहयोग और समर्पण को एनएसएस की मूल आत्मा बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रविकांत व्यास ने किया। स्वागत उद्बोधन डॉ. पूजा द्वारा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रकाश गर्ग ने प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र में उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने सात दिवसीय शिविर के दौरान समाजसेवा, स्वच्छता, जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों को प्रभावी रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।