इंटरनेशनल कंपनी के कॉपीराइट उल्लंघन का मामला उजागर

AYUSH ANTIMA
By -
0



नोखा(नारायण उपाध्याय)। प्रतिष्ठित इंटरनेशनल ब्रांड बिसलेरी के नाम पर नकली पैक्ड वाटर बनाने का बड़ा मामला बुधवार रात सामने आया। मुंबई से पहुंचे कंपनी अधिकारियों ने पुलिस की सहायता से चाचा नेहरू स्कूल के पीछे एक मकान में संचालित आरओ प्लांट पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली रैपर, खाली बोतलें, ढक्कन और पैकिंग मशीनें बरामद कीं। कंपनी को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि नोखा में संगम आरओ प्लांट के माध्यम से बिसलेरी से मिलते-जुलते नाम और रंग के रैपर लगाकर अवैध रूप से पानी की सप्लाई बीकानेर सहित अन्य जिलों में की जा रही है। इसी आधार पर कंपनी ने स्थानीय पुलिस को सूचना देकर संयुक्त कार्रवाई की।

छापे के दौरान प्लांट से ‘बिसलीर’ और ‘बिसनीर’ नाम के रैपर, प्लास्टिक की बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, पैकिंग मशीन और अन्य सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई में बिसलेरी इंटरनेशनल के मनीष दीक्षित, महेंद्र चौधरी तथा नोखा थाने के सब इंस्पेक्टर मोहनलाल, गोरखनाथ, संजय और महिला कांस्टेबल संतोष मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था और एक लीटर की नकली पैकिंग दुकानदारों को 60 रुपये में बेची जा रही थी। छापे की खबर मिलते ही कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों से नकली माल हटाना शुरू कर दिया। पुलिस और कंपनी अधिकारियों की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही आसपास के मोहल्लों में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और विभिन्न तरह के कयास लगाते रहे।

गोपनीयता बनाए रखने के लिए टीम ने अपने वाहन दूर खड़े किए और पतली गलियों से पैदल ही प्लांट तक पहुंची, जिसके कारण मोहल्लेवासियों को बाद में पूरी कार्रवाई का पता चला। बताया गया कि नोखा आरओ वाटर प्लांट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश झंवर के यहां यह अवैध प्लांट संचालित हो रहा था, जो उनके घर में ही लगाया गया था। कंपनी द्वारा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विस्तृत कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!