बीकानेर। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने गुरुवार को अनूपगढ़ व सूरतगढ़ स्टेशनों का निरीक्षण किया। अनूपगढ़ स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्य का जायजा लेते हुए बताया कि लगभग 17% कार्य पूर्ण हो चुका है और कार्य तीव्र गति से जारी है।
उन्होंने कहा कि स्टेशन भवन में सुधार कार्य, प्रवेश–निकास मार्गों के अलग प्रावधान, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यकरण, दोपहिया–चौपहिया पार्किंग, बुकिंग ऑफिस, रिटायरिंग रूम, नए टॉयलेट ब्लॉक, एलईडी लाइटिंग और आर्टवर्क सहित कई कार्य 14.18 करोड़ रुपए की लागत से किए जा रहे हैं। मुख्य प्रवेश द्वार को स्थानीय कला-संस्कृति के अनुरूप आकर्षक बनाया जा रहा है तथा दिव्यांगजन हेतु उपयुक्त साइनेज स्थापित किए जाएंगे। यात्री सूचना प्रणाली को भी उन्नत किया जाएगा। सूरतगढ़ स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे 20.25 करोड़ रुपए के कार्यों का निरीक्षण करते हुए बताया कि 99% कार्य पूरा हो चुका है। स्टेशन पर 10.25 करोड़ से बन रहे फुट ओवरब्रिज का 65% कार्य पूर्ण हो चुका है। स्टेशन पर सोलर प्लांट भी स्थापित किया जाएगा, जिससे तकनीकी संचालन सुगम होगा। दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने विजयनगर के गुड्स एप्रोच रोड का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनूपगढ़ और सूरतगढ़ में स्थानीय ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और ज्ञापन सौंपे, जिन पर उचित आश्वासन दिया गया। निरीक्षण में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अंकुर झिंगोनिया सहित कई रेल अधिकारी उपस्थित रहे।