एसकेआईटी जयपुर ने की एग्री उड़ान 8.0 रोडशो एवं स्टार्टअप हंट की मेजबानी*

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी), जयपुर के इनक्यूबेशन सेंटर ने एग्री उड़ान 8.0 रोड शो एवं स्टार्टअप हंट का सफल आयोजन किया। इस आयोजन ने उभरते एग्री–उद्यमियों, उद्योग विशेषज्ञों, निवेशकों एवं मेंटर्स को एक साझा मंच पर एकत्रित किया, जिसका उद्देश्य कृषि एवं फूड–बिज़नेस सेक्टर में इनोवेशन को बढ़ावा देना रहा। एग्री उड़ान, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और नेशनल एकेडमी ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च मैनेजमेंट (NAARM) की फ्लैगशिप फूड और एग्री–बिज़नेस एक्सेलरेटर पहल है, जिसे नाबार्ड का सहयोग प्राप्त है और यह संरचित ढांचा प्रदान करती है, जिसके माध्यम से होनहार स्टार्टअप्स को मेंटर्स, निवेशकों और उद्योग साझेदारों से जोड़ा जाता है तथा गहन मेंटरिंग, पिच अवसर और बिज़नेस वैलिडेशन के माध्यम से शुरुआती चरण के उद्यमों को प्रभावी रूप से स्केल करने में मदद मिलती है। रोड शो में प्रमुख अतिथियों और वक्ताओं की विशिष्ट उपस्थिति रही। जिनमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.आर. रवि बाबू, मुख्य महाप्रबंधक, नाबार्ड, राजस्थान क्षेत्रीय कार्यालय शामिल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि में डॉ.हेमा यादव, निदेशक, राष्ट्रीय कृषि विपणन संस्थान (सीसीएस–एनआईएम), जयपुर, रहीं। ए–आईडिया के अध्यक्ष तथा आईसीएआर–एनएआरएम के निदेशक डॉ.गोपाल लाल ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया, जबकि ए–आईडिया और एग्री उड़ान 8.0 कार्यक्रम की रूपरेखा तथा प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डॉ.रंजीत कुमार, सीईओ, ए–आईडिया एवं प्रधान वैज्ञानिक, एबीएम डिविजन, आईसीएआर–एनएआरएम, तथा पारितोष त्रिपाठी, सीओओ, ए–आईडिया, आईसीएआर–एनएएआरएम ने डाला। संस्थान के इन्स्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (IIC) के अध्यक्ष प्रो.मुकेश अरोड़ा ने स्वागत भाषण दिया, जिसमें उन्होंने कृषि क्षेत्र में इनोवेशन को बढ़ावा देने की आवश्यकता और राजस्थान की समृद्ध कृषि–धरोहर को नए युग के स्टार्टअप्स के लिए उपजाऊ भूमि के रूप में रेखांकित किया। डॉ.रंजीत कुमार ने एग्री उड़ान 8.0 की डिजाइन, उद्देश्यों और प्रभाव पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसके उपरांत निवेशकों के पैनल डॉ.श्वेता चौधरी, चार्टर मेंबर, TiE राजस्थान; अखिलेश त्रिवेदी, वाइस प्रेसिडेंट, टेकफोर्स सेल्स तथा राकेश राव, मेंटर, आईस्टार्ट, राजस्थान, राजस्थान सरकार ने एग्री–स्टार्टअप्स को निवेश योग्य बनाने वाले प्रमुख पहलुओं पर अपने विचार साझा किए और फूड एवं कृषि क्षेत्र को दिशा देने वाले उभरते रुझानों पर चर्चा की। व्यावहारिक उद्यमी दृष्टिकोण जोड़ते हुए मनीष कुमार, संस्थापक एवं सीईओ, वर्डंट इम्पैक्ट प्रा. लि. ने अपनी उद्यमी यात्रा साझा की और स्केलेबल एग्री–बिज़नेस बनाने तथा जमीनी चुनौतियों से निपटने के अनुभवों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इंडिजिनस इकोनॉमिक फोरम और वर्डंट इम्पैक्ट प्रा. लि. के सहयोग से आयोजित यह रोडशो उस मजबूत साझीदारी भाव को दर्शाता है, जिसका उद्देश्य ऐसी नवोन्मेषी पहलों की पहचान और पोषण करना है, जो कृषि–पद्धतियों में परिवर्तन ला सकें, किसानों की आय बढ़ा सकें, खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर सकें और समावेशी ग्रामीण समृद्धि में योगदान दे सकें। यह कार्यक्रम विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण रहा, क्योंकि एग्री उड़ान स्टार्टअप हंट ने उन उद्यमों पर प्रकाश डाला, जो जलवायु, सहिष्णु कृषि, आपूर्ति–श्रृंखला दक्षता और किसानों के लिए बेहतर बाज़ार संपर्क जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियों को संबोधित करने पर केंद्रित हैं। इस मंच ने उभरते एग्री–उद्यमियों को अपने विचारों को विशिष्ट पैनल के सामने प्रस्तुत करने, लक्षित फीडबैक और मेंटरशिप प्राप्त करने, संभावित सहयोगियों और निवेशकों के साथ नेटवर्क बनाने तथा ए–आईडिया की सहायता प्रणाली तक पहुँच बनाने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन पारितोष त्रिपाठी के औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। इस आयोजन के माध्यम से समन्वयक अजय धनोपिया ने छात्रों और युवा पेशेवरों के बीच इनोवेशन एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने और कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में राजस्थान के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम को और मजबूत करने के संकल्प को पुनः पुष्ट किया। आईसीएआर–एनएआरएम में कृषि उद्यमिता के विकास हेतु गठित एसोसिएशन फॉर इनोवेशन डेवलपमेंट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप इन एग्रीकल्चर (ए–आईडिया) देशभर के एग्री–स्टार्टअप्स को मेंटरिंग, बाज़ार तक पहुँच, फंडिंग लिंकेंज और बिज़नेस डेवलपमेंट सहित समग्र सहयोग प्रदान कर इस यात्रा में केंद्रीय भूमिका निभाता आ रहा है और एग्री उड़ान 8.0 अगली पीढ़ी के एग्री–प्रेन्योर्स के लिए एक महत्वपूर्ण एक्सेलरेटर के रूप में उभर कर सामने आया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!