बीकानेर। गुरुवार को क्रिसमस के अवसर पर धर्मांतरण को लेकर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के मोमासर गांव में तनाव की स्थिति बन गई। गांव में कथित रूप से धर्म परिवर्तन से जुड़े कार्यक्रम की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचे करीब 30 से 35 लोगों को रोक लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी। धर्मांतरण की आशंका फैलते ही आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए, जिससे माहौल गर्मा गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन लगभग 30-35 लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और धर्मांतरण के लिए उकसाने तथा दबाव बनाने के आरोप लगाए।
हालांकि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं पुलिस प्रशासन की तरफ से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और थाने में सभी संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।