बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र के धीरेरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-62 पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हाईवे पर अचानक पशु के सामने आ जाने से ट्रेलर चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर में भीषण आग लग गई।घटना के समय ट्रेलर मोरबी (गुजरात) से कागज के रोल लेकर लुधियाना (पंजाब) की ओर जा रहा था। आग भड़कने से पहले ही चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रेलर पूरी तरह आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।