जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवनंद इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी), जयपुर ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) 2025 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए दो छात्र टीमों के साथ प्रतिष्ठित स्मार्ट इंडिया हैकेथॉन 2025 में विजेता का ख़िताब अपने नाम किया। टीम इनोवेंटर्स ने हार्डवेयर एडिशन में संयुक्त राष्ट्रीय विजेता (प्रथम स्थान) तथा टीम इनोवेट ऐस ने सॉफ्टवेयर एडिशन में संयुक्त राष्ट्रीय विजेता का स्थान प्राप्त किया। दोनों ही टीमें शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल और एआईसीटीई द्वारा संचालित अन्य नोडल सेंटर्स पर आयोजित ग्रैंड फिनाले में विजेता बनीं।
हार्डवेयर एडिशन में टीम इनोवेंटर्स, जिसका नेतृत्व उत्कर्ष जिंदल ने किया और जिसमें सदस्य तनमय व्यास, महांश गौर, अर्निम गोयल, अवनी श्रीमाली और गीतिक चौहान शामिल थे, ने अपने इनोवेशन, इंजीनियरिंग कौशल और सशक्त समस्या–समाधान दृष्टिकोण से निर्णायकों को प्रभावित किया, जो एसआईएच 2025 की भावना “हैक फॉर भारत, बिल्ड फॉर दी वर्ल्ड” का सच्चा प्रतिबिंब है। टीम के फैकल्टी मेंटर दिनेश कुमार और मेंटर्स हर्ष एवम आदित्य रावत रहे, जिन्होंने तकनीकी मार्गदर्शन और रणनीतिक सुझावों के माध्यम से समाधान को वास्तविक उपयोग के अनुरूप निखारने में अहम भूमिका निभाई। सॉफ्टवेयर एडिशन में टीम इनोवेट ऐस, जिसका नेतृत्व अनुष्का सिंह ने किया और जिसमें अमन जोशी, अनिरुद्ध सिंह नरूका, आर्ची राठौर, आदित्य सारदा और अनन्या सिंह चौधरी शामिल थे, ने एक प्रभावशाली डिजिटल समाधान विकसित किया, जिसने महत्त्वपूर्ण समस्या कथन को संबोधित करते हुए इनोवेशन, उपयोगिता और स्केलेबिलिटी के आधार पर विशेष पहचान बनाई। टीम के मेंटर प्रांजल जैन ने आर्किटेक्चर से लेकर अंतिम प्रेज़ेंटेशन तक हर चरण में मार्गदर्शन देते हुए टीम को देशभर की शीर्ष टीमों के बीच विजयी बनने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ये दोहरे राष्ट्रीय सम्मान एसकेआईटी जयपुर की इनोवेशन–प्रधान तकनीकी शिक्षा के केंद्र के रूप में सुदृढ़ पहचान और शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल एवं एआईसीटीई द्वारा संचालित राष्ट्रीय पहलों के साथ इसकी सक्रिय भागीदारी को और मजबूत करते हैं।