बीकानेर। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में गुरुवार को कबड्डी मुकाबलों के चौथे दिन दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर सूरजादास महाराज, बीजेपी नेता सुरेंद्र सिंह शेखावत, रामरतन धारणिया, माणक व्यास और बीजेपी देहात टीम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खेल प्रबंधक शमीम अहमद ने बताया कि आज चार सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। लड़कों में गुरु काशी यूनिवर्सिटी ने पंजाब यूनिवर्सिटी को 1 प्वाइंट से हराया, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ को 13 प्वाइंट से मात दी। लड़कियों में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने एबीवी बिलासपुर पर 29 प्वाइंट से बड़ी जीत दर्ज की, वहीं दरभंगा यूनिवर्सिटी ने गुरु काशी यूनिवर्सिटी को 1 प्वाइंट से हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
कार्यक्रम में राजस्थानी लोक कलाकारों ने मशक वादन, बैग पाइप, घूमर और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियों से माहौल जीवंत कर दिया। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेलो इंडिया का शुभंकर भी खिलाड़ियों के स्वागत में मौजूद रहा। बीजेपी देहात टीम ने खिलाड़ियों को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।