जयपुर संभागीय आयुक्त ने झुंझुनूं बस स्टैंड व माडासी में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जयपुर संभागीय आयुक्त पूनम गुरुवार को झुंझुनू जिले के दौरे पर रही। निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग भी उपस्थित रहे। जयपुर संभागीय आयुक्त पूनम ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम झुंझुनूं आगार के बस स्टैंड एवं कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आगार की कार्यशैली, यात्रियों की सुविधा, व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों का विस्तार से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान आगार प्रशासन द्वारा पिछले तीन वर्षों का लाभ-हानि विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसमें यह पाया गया कि आगार लगातार हानि में रहा था, किन्तु वर्ष 2025 के अगस्त एवं सितम्बर माह में आगार ने लाभ अर्जित किया है। इस पर संभागीय आयुक्त ने इसे सकारात्मक संकेत बताते हुए बेहतर प्रबंधन एवं निरंतर प्रयासों की सराहना की। संभागीय आयुक्त ने मुख्यालय द्वारा निर्धारित संचालन परिणामों की समीक्षा की, जिसमें पाया गया कि आगार द्वारा गत वर्ष की तुलना में अधिक संचालन परिणाम दर्ज किए जा रहे हैं और लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बस स्टैंड परिसर में करवाए जा रहे नवीनीकरण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया तथा यात्री सुविधाओं जैसे बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं रोशनी की उपलब्धता का निरीक्षण किया। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा यात्री सूचना प्रणाली (Passenger Information System) शीघ्र स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संभागीय आयुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित बस सेवाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली और आवश्यकता अनुसार सेवाओं में विस्तार एवं सुधार के निर्देश दिए।

*माडासी में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण*

संभागीय आयुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माडासी का निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने महिला व पुरुष वार्ड, लेबर रूम सहित विभिन्न चिकित्सा कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी-आइपीडी में मरीजों की संख्या, चिकित्सा उपकरणों की कार्यस्थिति, नियमित टीकाकरण तथा भर्ती मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाने संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों को डिस्चार्ज के साथ ही जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि झुंझुनू जिले में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हैं और इन्हें और बेहतर कर सभी पैरामीटर्स पूरा करते हुए जिले को अग्रणी बनाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की भी सराहना की। इसके बाद संभागीय आयुक्त ने राजकीय सरस्वती देवी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय माडासी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 3 के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्थिति का परीक्षण किया। बच्चों से पुस्तकों की उपलब्धता के बारे में पूछे जाने पर विद्यार्थियों ने बताया कि पाठ्य-पुस्तकें उन्हें विद्यालय से प्राप्त हुई हैं। संभागीय आयुक्त ने विद्यालय प्रशासन से कहा कि बच्चों की शिक्षा सर्वोपरि है और पढ़ाई की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा का स्तर बेहतर रहेगा तो नामांकन भी बढ़ेगा और विद्यालय का प्रतिष्ठा स्तर भी ऊंचा होगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर भी उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर रोडवेज डिपो मैनेजर गिरिराज स्वामी, सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर, सीएचसी प्रभारी डॉ.अदिति डूडी, विद्यालय प्राचार्य सुभिता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!