पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बाल दिवस के उपलक्ष्य में बिरला शिक्षण न्यास के तत्त्वावधान में अंतर्विद्यालयीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिरला शिक्षण न्यास के निदेशक मेजर जनरल एसएस नायर (अति विशिष्ट सेवा पदक) थे तथा विशिष्ट अतिथि विद्यालय की भूतपूर्व छात्रा हेप्टाथलन चैंपियन तनुश्री धनखड़ तथा अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या अचला वर्मा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के बैंड प्रदर्शन द्वारा हुआ। मुख्य अतिथि ने आधिकारिक रूप से खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका नीतू सिंह ने एकता, सद्भावना और शांति के प्रतीक स्वरूप मशाल को मुख्य अतिथि को दिया। उन्होंने उसे विद्यालय की खेल प्रतिनिधि मेधावी कच्छावा को दिया, उसने उसे अन्य खिलाड़ियों को प्रदान किया। मेधावी कच्छावा ने सभी खिलाड़ियों को खेल को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। इस प्रतियोगिता में बिरला स्कूल पिलानी, बिरला पब्लिक स्कूल, बिरला शिशु विहार के खिलाड़ियों ने प्रतिभागिता की। इन प्रतियोगिताओं में लंबी कूद, 100 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़, शॉर्ट पुट जैसी कई स्पर्धाएँ शामिल थीं। विद्यार्थियों ने बेहद ऊर्जा और उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मैदान में बच्चों का जोश देखने लायक था, हर कोई अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करता नजर आया। सहपाठियों और शिक्षकों ने भी प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया। आज की सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होने के बाद विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र वितरित किए गए। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम मेँ बिरला स्कूल पिलानी के प्राचार्य धीरेन्द्र सिंह, बिरला पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक एसके बराल, डॉ.मनोज जांगिड़ उपस्थित थे। मुख्य अतिथि ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि ये बच्चों में आत्मविश्वास और अनुशासन भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय की भूतपूर्व छात्रा तनुश्री ने गत जुलाई में जर्मनी में आयोजित विश्व विद्यालयीय खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। सन् 2018 से लेकर आज तक विद्यालय में लंबी कूद में बनाए गए प्रतिमान को कोई अभी तक चुनौती नहीं दे पाया है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए और कहा कि इस स्कूल ने हमेशा प्रतिभाओं को निखारने का काम किया है।
बिरला बालिका विद्यापीठ के आतिथ्य में बीईटी अंतर्विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
By -
November 14, 2025
0
Tags: