झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सिंघानिया विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ द्वारा 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े हर्ष एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के औपचारिक प्रारंभ से पहले एडमिन ब्लॉक में लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों से आये हुए विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के महत्व और उसकी मूल भावना पर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों के द्वारा वृक्षरोपण के साथ हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय के शेखवाटी सभागार में अतिथियों का पारंपरिक तिलक, शॉल और मोमेंटो भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में संदीप नेहरा (चेयरमैन, नोबल ग्रुप ऑफ एजुकेशन), विकास दौराता (निदेशक, कृष्णा पब्लिक स्कूल, डूमोली-खुर्द), राव अजीत सिंह,(समाजसेवी, संतोर), अधिवक्ता सुरेंदर यादव, अध्यक्ष, बार एसोसिएशन बुहाना ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विश्वविद्यालय के कैंपस डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) पीएस जस्सल ने अपने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे अधिवक्ता अजीत सिंह तंवर, अध्यक्ष, बार एसोसिएशन खेतड़ी ने सिंघानिया विश्वविद्यालय की सराहना की। उन्होंने संविधान को समाज की आत्मा बताया तथा बाबा भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। राव साहब ने अपने संबोधन में समय के सदुपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षा और संस्कारों को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए कहा कि शिक्षा कभी भी केवल धन कमाने का माध्यम नहीं होनी चाहिए। संदीप नेहरा ने संविधान के प्रत्येक पहलू पर गहन चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को इसके महत्व से अवगत कराया। उन्होंने डॉ.मनोज कुमार के कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की और बधाई दी। विकास दौराता ने विद्यार्थियों से अपनी संस्था पर पूर्ण विश्वास रखने का आग्रह किया, क्योंकि शिक्षा केवल ज्ञान नहीं देती बल्कि व्यक्ति के संस्कारों और चरित्र का विकास भी करती है। रजिस्ट्रार मोहम्मद इमरान हाशमी ने कहा कि संविधान हमारे पूरे सिस्टम को संचालित करने की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है और हमें अपनी व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए इसके सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। इसके बाद विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.मनोज कुमार (सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी) ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में बताया कि वर्तमान चेयरमैन रवि सिंघानिया अपने पिता एवं विश्वविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय डीसी सिंघानिया के विज़न को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने इस अवसर पर बताया कि विश्वविद्यालय के फ़ुटबॉल ग्राउंड को रेज़ांगला के शहीदों को समर्पित किया गया है तथा इसका अनावरण फ़रवरी माह में आसपास के रक्षा कर्मियों की उपस्थिति में किया जाएगा। मंच संचालन सहायक प्रोफ़ेसर अल्का यादव एवं सहायक प्रोफ़ेसर साहिल कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। तत्पश्चात निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को नगद पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें प्रथम स्थान पर छवि शर्मा (कोयल पब्लिक स्कूल, नारनौल) को ₹10,000, द्वितीय स्थान पर मानसी (सरकारी विद्यालय,bनांगल काठा) को ₹7,000 तथा तृतीय स्थान पर आनिया (नर्मदा देवी सिंघानिया इंटरनेशनल स्कूल) को ₹4,000 की राशि प्रदान की गई। अंत में, डॉ.सुनील कुमार चतुर्वेदी (डीन, विधि संकाय) के नेतृत्व में सभी उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
संविधान दिवस समारोह: सिंघानिया विश्वविद्यालय में गूँजा संदेश— हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान
By -
November 26, 2025
0
Tags: