अलवर: राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने वन स्टॉप सेंटर (OSC) अलवर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान ममता कुमारी ने केंद्र में उपलब्ध आवास, परामर्श, चिकित्सा एवं कानूनी सहायता सेवाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर हिंसा या उत्पीड़न का सामना करने वाली महिलाओं के लिए एक सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
भ्रमण के दौरान उन्हें अवगत कराया गया कि सेंटर ने दिसंबर 2019 से अब तक कुल 1930 महिलाओं को लाभान्वित किया है। इन महिलाओं को परिस्थितिनुसार कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधाएँ और पुनर्वास से संबंधित सहयोग प्रदान किया गया है। ममता कुमारी ने सुझाव दिया कि केंद्र में महिलाओं के मानसिक सशक्तिकरण के लिए मनोरंजन एवं आत्मविकास संबंधी गतिविधियाँ—जैसे पुस्तक पठन कोना, योग-ध्यान सत्र, हस्तकला प्रशिक्षण तथा प्रेरणादायक फिल्मों का प्रदर्शन जोड़े जाएँ। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ महिलाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होती हैं। केंद्र में उपलब्ध प्रेरणादायक साहित्य की सराहना करते हुए उन्होंने कहा—
“वन स्टॉप सेंटर ऐसा स्थान होना चाहिए जहाँ महिला जब आती है तो टूटे मन से आती है, पर जब जाती है तो आत्मविश्वास और प्रेरणा लेकर जाती है।” उन्होंने स्टाफ की संवेदनशीलता और समर्पण की भी प्रशंसा की। वन स्टॉप सेंटर (OSC) महिला अधिकारिता विभाग, अलवर द्वारा संचालित केंद्र सरकार की अनुदानित योजना है, जिसका उद्देश्य हिंसा या उत्पीड़न का सामना करने वाली महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा, कानूनी परामर्श, पुलिस सहायता और अस्थायी आश्रय जैसी सभी सेवाएँ उपलब्ध कराना है। किसी भी सहायता के लिए महिलाएँ OSC हेल्पलाइन 0144-2940152 या महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क कर सकती हैं।