झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) झुंझुनूं की टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बुहाना में तैनात हेड कांस्टेबल संतोष को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी को शिकायत मिली थी कि परिवादी और उसके परिजनों पर दर्ज आपसी विवाद के प्रकरण में जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल संतोष नाम हटाने और गिरफ्तारी से बचाने के बदले 30,000 रुपये रिश्वत मांग रही है। शिकायत के बाद सत्यापन के दौरान आरोपिया ने 10 नवंबर को 3,000 रुपये और 14 नवंबर को 7,000 रुपये पहले ही ले लिए थे। आज ट्रैप कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल संतोष ने परिवादी से 20,000 रुपये और लिए, जिन्हें उसने अपनी स्वेटर की दाहिनी जेब में रखा। एसीबी टीम ने मौके से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली। इस कार्रवाई का संचालन एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी राजेश सिंह के सुपरवीजन में तथा एसीबी झुंझुनूं के डिप्टी एसपी शब्बीर खान व टीम द्वारा किया गया। एसीबी अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर आगे की पूछताछ व कार्रवाई जारी है। एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बुहाना थाना की हेड कांस्टेबल 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
By -
November 15, 2025
0
Tags: