झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): अंबेडकर भवन में भीम आर्मी भारत एकता मिशन की विशाल जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं सम्मान समारोह जिला अध्यक्ष विकास आल्हा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन माल्यार्पण किया। मुख्य अतिथि अनिल धेनवाल (राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र प्रभारी) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र हटवाल, प्रदेश महासचिव रघुवीर सिंह जोसवाल, प्रदेश सचिव डॉ.शकुन सिंह, समाजसेवी प्रदीप चंदेल, अजाक जिला अध्यक्ष डॉ.संपत बारूपाल, जिला संघर्ष समिति अध्यक्ष रामानंद आर्य, पत्रकार हरीश पंवार तथा अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राजेश बजाड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी ओमप्रकाश सेवदा के स्वागत भाषण से हुआ। मुख्य वक्ता हरीश पंवार ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, मीडिया की भूमिका और महिलाओं की भागीदारी पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए समाज को जागरूक और प्रगतिशील दिशा में अग्रसर होने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि अनिल धेनवाल ने कार्यकर्ताओं को संवैधानिक अधिकारों के तहत निडर होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र हटवाल ने कहा कि “भीम आर्मी बहुजन समाज के निर्बल और वंचित तबकों की सेवा में सदैव तत्पर है। संगठन को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक विस्तार देकर समाज पर हो रहे अत्याचारों के विरुद्ध प्रभावी संघर्ष किया जाएगा।” प्रदेश सचिव डॉ.शकुन सिंह ने अंधविश्वास, पाखंडवाद और रूढ़िवादी परंपराओं से समाज को होने वाली हानियों पर चर्चा की, जबकि रामानंद आर्य ने संगठित होकर संवैधानिक संघर्ष करने का आवाहन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन भीम आर्मी तहसील अध्यक्ष चेतराम लिखवा ने किया।
समापन पर अतिथियों का सम्मान किया गया और संगठन को एकजुट कर सामाजिक समरसता की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया गया। समर्पित कार्यकर्ता और पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया।