महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर ध्यान दे राज्य सरकार, सुशासन का ढोल पीटना बंद करे: आम आदमी पार्टी

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): एनसीआरबी 2023 की ताज़ा रिपोर्ट ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों और महिलाओं पर अत्याचार की भयावह स्थिति को उजागर किया है। रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान देशभर में महिला अपराधों और बलात्कार के मामलों में सबसे ऊपर है। इस पर आम आदमी पार्टी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार और वर्तमान भाजपा की भजन लाल शर्मा सरकार दोनों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हो या भाजपा, दोनों ही सरकारों ने राजस्थान को महिलाओं और बच्चियों पर अत्याचार का केंद्र बना दिया। पार्टी ने कहा कि मात्र दो साल में भाजपा सरकार भी कांग्रेस की राह पर चल पड़ी है। एक ओर तो सरकार सुशासन का ढोल पीट रही है, वहीं दूसरी ओर धरातल पर महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित हैं और अपराधी खुलेआम बेखौफ घूम रहे हैं। प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस ने कहा कि “सुशासन का ढोल पीटने वाली सरकार को यह आंकड़े आईना दिखा रहे हैं। राजस्थान में हर दिन महिलाओं और बच्चियों पर अत्याचार हो रहा है। अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है, इसलिए अपराधी बेखौफ हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल जनता को सुरक्षा देने में विफल साबित हुए हैं।” सहप्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने आरोप लगाया कि “एनसीआरबी की रिपोर्ट साफ कहती है कि राजस्थान में बलात्कार, भ्रष्टाचार और हत्या के मामलों में भयावह स्थिति है। सरकार अपराध रोकने की बजाय आंकड़े दबाने और प्रचार पर करोड़ों खर्च करने में लगी है। जनता अब इस कुशासन से तंग आ चुकी है।”

*एनसीआरबी रिपोर्ट के प्रमुख आंकड़े*

* देशभर में अपराधों में 7.2% की वृद्धि, कुल मामले : 62,41,569

* राजस्थान में कुल अपराध : 4,61,569 (देश में 5वाँ स्थान)

* बलात्कार मामलों में राजस्थान देश में पहले स्थान पर

* जयपुर में हत्या के 131 मामले दर्ज

* महिला अपराधों में सबसे ज्यादा मामले राजस्थान से
आम आदमी पार्टी ने मांग की कि राज्य सरकार सुशासन की झूठी तस्वीर पेश करने की बजाय महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाए और जनता की समस्याओं पर गंभीरता से काम किया जाए। पार्टी ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की पीठ पर खंजर मारना बंद कर धरातल पर काम करना चाहिए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!