जयपुर शहर में 'सांसद खेल महोत्सव' का आगाज 15 अक्टूबर से

AYUSH ANTIMA
By -
0



जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद खेल महोत्सव की जानकारी दी। सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव देशभर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। महोत्सव में विभिन्न आयु वर्ग के पुरुषों और महिलाओं को पारंपरिक और आधुनिक खेलों में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मंच मिलेगा। सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले खेल महोत्सव में 
पारंपरिक खेलों में कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, रस्साकसी, रूमाल झपट्टा, सितोलिया, मटका दौड़, नीबू दौड़, मलखम्भ तथा आधुनिक खेलों में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, तीरंदाजी, वुशु, हॉकी, बैडमिंटन, आर्चरी, शतरंज, वेटलिफ्टिंग सहित विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। इसमें महिला खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। महिलाओं के साथ दिव्यागों की भी टीमों का गठन किया जाएगा। सांसद और विधायक दिव्यांगों से अलग से संवाद कर उनका हौसला अफजाई करेंगे
 प्रतियोगिताएं तीन स्तर पर होगी। इसमें मंडल, विधानसभा और लोकसभा स्तर पर खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसमें टीमों का गठन करने के बाद खेल दिनांक के आधार पर गेम्स कलैंडर घोषित कर दिया जाएगा। जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ''फिट इंडिया हिट इंडिया'' को सार्थक करने के लिए 'खेलो इंडिया' की थीम पर सांसद खेल महोत्सव शुरू किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी की मंशा है कि देशवासियों को खेलों से जोड़कर उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने और जमीनी स्तर पर जाकर भविष्य की खेल प्रतिभाओं को तलाशा और तराशा जाएं, क्योंकि खेल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ साथ ​नेतृत्व, टीम भावना और अनुशासन की भावना को भी विकसित करता है। सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि जयपुर में विद्याधर नगर स्टेडियम, केएल सैनी स्टेडियम, चौगान स्टेडियम और एसएमएस स्टेडियम में खेलों का आयोजन करवाया जाएगा। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, नकद पुरस्कार और खेल सामग्री प्रदान की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी का अवसर भी मिलेगा। खिलाड़ी आनलाइन के साथ आफ लाइन आवेदन भी कर सकते है। आवेदक Sansadkhelmahotsav.in पर जाकर अपना आवेदन भर सकते है। सांसद मंजू शर्मा ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने क्षेत्र के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। यह आयोजन न केवल खेलों को बढ़ावा देगा, बल्कि राष्ट्र के स्वस्थ और सक्रिय भविष्य की नींव भी रखेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!