बहरोड़: मंथन फॉउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा राजकीय जिला अस्पताल में कन्या रत्न जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम संयोजक रेखा अग्रवाल ने बताया कि मंथन फाउंडेशन की वर्षगांठ श्रृंखला में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला अस्पताल बहरोड़ में कन्या रत्न जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत अस्पताल में नवरात्रों के पवित्र दिनों में जन्मी चौदह नवजात दिव्य कन्याओं को उपहार देकर व नजरिया बांधकर उनके जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गई। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में स्त्री एवम प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ.सपना यादव व शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.पंकज यादव ने शिरकत की तथा कन्या भ्रूण हत्या रोकने हेतु मंथन के इस अनुकरणीय प्रयास की सराहना की। वहीं मंथन महिला अध्यक्ष नेहा जैन ने बताया कि मंथन द्वारा यह अभियान गत आठ वर्षों से निरंतर जारी है, जिनमें अब तक 368 कन्याओं के जन्म की खुशियां मनाई जा चुकी हैं, साथ ही बेटा और बेटी में भेदभाव को मिटाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए इस अभियान के सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले हैं। मंथन की प्रेरणा से अब बेटी पैदा होने पर भी कुंआ पूजन कार्यक्रम आयोजित होने लगे है। जन्मोत्सव के दौरान मंथन संस्थापक डॉ.पीयूष गोस्वामी, राष्ट्रीय सचिव डॉ.सविता गोस्वामी, संरक्षक वसंती यादव, बहरोड़ इकाई अध्यक्ष अमित कुमार यादव, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार जैन, महिला इकाई अध्यक्ष नेहा जैन, रेखा अग्रवाल, राकेश अग्रवाल तथा अस्पताल स्टॉफ से मंजू बाई, वेदप्रकाश सहित बच्चियों के परिजन तथा अन्य उपस्थित रहे।
3/related/default