जयपुर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): फार्मासिस्ट भर्ती संघर्ष समिति ने राजस्थान में फार्मासिस्टों की कमी को दूर करने के लिए सरकार से नए पदों की स्वीकृति और आगामी भर्ती को मेरिट व बोनस अंक प्रणाली के आधार पर आयोजित करने की मांग की है। समिति ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा वितरण योजना के तहत करीब 20,000 दवा वितरण केंद्र संचालित हो रहे हैं, जबकि पिछले 13 वर्षों में केवल 4,800 नियमित फार्मासिस्ट की नियुक्ति हुई है, जो बेहद कम है। समिति ने कहा कि केंद्रों पर OPD का अत्यधिक भार होने से मरीजों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है और कई बार बिना दवा के लौटना पड़ता है। फार्मेसी अधिनियम के अनुसार 120 OPD पर एक फार्मासिस्ट नियुक्त करने का प्रावधान है, इसलिए OPD भार को देखते हुए नए पद स्वीकृत करना आवश्यक है। संघर्ष समिति ने यह भी आग्रह किया कि नई भर्ती राजस्थान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य नियम 1965 के तहत मेरिट और बोनस अंकों (10, 20, 30) के आधार पर ही होनी चाहिए, ताकि संविदा व निविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी होने का अवसर मिल सके।समिति ने चिकित्सा विभाग द्वारा हाल ही में 6,826 पद सृजन प्रस्ताव को वित्त विभाग को भेजे जाने का स्वागत किया और इसे शीघ्र स्वीकृत करवाने की मांग रखी।
फार्मासिस्ट भर्ती संघर्ष समिति ने नए पदों की स्वीकृति और मेरिट-बोनस आधार पर भर्ती की उठाई मांग
By -
September 15, 2025
0
Tags: