कोटपूतली (ओम प्रकाश शर्मा): भारत में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, खासकर राष्ट्रीय राजमार्गों पर। इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अब एक अहम कदम उठाया जा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर मौजूद सभी अवैध कट्स को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
*सरुण्ड थाना क्षेत्र से हुई कार्यवाही की शुरुआत*
NHAI के जेईएन सतीश कुमार ने जानकारी दी कि हरियाणा बॉर्डर से लेकर अलवर तिराहे तक फैले करीब 155 किलोमीटर लंबे हाईवे सेक्शन में 150 से अधिक अनाधिकृत कट चिन्हित किए गए हैं। इन कट्स को बंद करने की प्रक्रिया की शुरुआत सोमवार को सरुण्ड थाना क्षेत्र से की गई। इस दौरान सरुण्ड थाना अधिकारी बाबूलाल मीणा अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा के मद्देनज़र कार्यवाही को सुचारु रूप से अंजाम दिया गया।
*दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रहे थे अवैध कट्स*
इन अवैध कट्स का प्रयोग वाहन चालक गलत दिशा में रोड क्रॉस करने के लिए कर रहे थे। बाइकों, कारों, ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों की यह आवाजाही न केवल यातायात को बाधित कर रही थी, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रही थी।
*यातायात व्यवस्था को मिलेगी मजबूती*
इन कट्स को बंद करने से न केवल यातायात में सुधार होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। इससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सकेगी।