झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 अगस्त को झुंझुनू में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को डीबीटी के माध्यम से फसल बीमा क्लेम वितरित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने बताया कि प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी राजन विशाल के द्वारा शुक्रवार को पंत कृषि भवन के सभा कक्ष में जयपुर, झुंझुनू, कोटपूतली एवं सीकर जिलों के जिला कलेक्टर और संबंधित विभागीय अधिकारियों से समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने जिले के सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध व व्यवस्थित तरीके से पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में समन्वय बनाते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।