झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सूरजगढ़ क्षेत्र में काकोड़ा सरपंच की गाड़ी पर किए गए जानलेवा हमले के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे, जिस पर सख्त कार्रवाई करते हुए IG रेंज द्वारा सूरजगढ़ थाना अधिकारी हेमराज मीणा को सस्पेंड कर दिया गया है। घटना के दौरान बदमाशों ने सरपंच की कार को टक्कर मारने के बाद जमकर तोड़फोड़ की और उसमें सवार एक निजी कॉलेज संचालक के साथ मारपीट की गई। यह पूरी घटना मोबाइल कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में पुलिस ने दो हिस्ट्रीशीटर समेत करीब दर्जन भर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (307 IPC) सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक जलेसिंह और सुरेश नामक दो आरोपियों को डिटेन कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। इस हमले को लेकर आमजन में भारी आक्रोश है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से आगे भी कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
सूरजगढ़ में सरपंच की गाड़ी पर जानलेवा हमला: IG ने थाना अधिकारी हेमराज मीणा को किया सस्पेंड, दो आरोपी डिटेन
By -
July 16, 2025
0
Tags: