चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शहर के सनातन आश्रम स्थित महालक्ष्मी धाम का वार्षिक मूर्ति स्थापना उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ 4 जुलाई, शुक्रवार से शुरू होगा। 6 जुलाई तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का शुभारंभ सुबह 9:15 बजे गणेश पूजन से होगा। आयोजन धार्मिक वातावरण, मंत्रोच्चार और भजन की रसधारा से भरा होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन को लेकर सनातन आश्रम विकास समिति के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान किया। जानकारी देते हुए समिति के गिरधर गोपाल महमियां ने बताया कि आयोजन के पहले दिन शुक्रवार, 4 जुलाई को दोपहर 3:15 बजे से संगीतमय गीता अमृत मंगलपाठ का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन शनिवार, 5 जुलाई को दोपहर 3:15 बजे से संगीतमय श्रीरामायण पाठ का विशेष आयोजन होगा। रविवार, 6 जुलाई कार्यक्रम का मुख्य दिन रहेगा। इस दिन सुबह 9:15 बजे महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ के बाद 10:15 बजे महाआरती संपन्न होगी और फिर सुबह 11:15 बजे से भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का संयोजन वाणीभूषण प्रभुशरण तिवाड़ी और उनके सहयोगी सदस्य, भगवत जन परिवार एवं सनातन आश्रम विकास समिति द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि वे अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक अनुष्ठान का पुण्य लाभ लें।
3/related/default