झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम गुरुवंदन के तहत मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्देशन पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले भर के संतों और गुरुओं का सम्मान कर वंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मुख्यालय स्थित चंचलनाथ टीले के पीठाधीश्वर ओमनाथ महाराज के वंदन के साथ किया गया। जिलाध्यक्ष हर्षिणी कुलहरी ने ओमनाथ महाराज का सम्मान एव गुरु वंदन मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा भेजे गए वंदन सम्मान पत्र, शॉल, दुपट्टा, माला, मिष्ठान्न, श्रीफल एवं 2100 रुपए नगद राशि भेंटकर किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हर्षिणी ने कहा कि गुरु एक व्यक्ति नहीं अपितु एक विचारधारा है, जो ज्ञान का स्रोत एव प्रेरणा का प्रवाह है। वे नीति, चरित्र और कर्तव्य बोध के बीज बोते हैं, जो सभ्य समाज एवं सशक्त राष्ट्र की नीव बनाते हैं। गुरु ही सफल जीवन जीना सिखाते हुए मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इनके अलावा बगड़ दादूद्वारा पीठाधीश्वर अर्जुनदास महाराज, चन्द्रनाथ योग आश्रम के महंत चन्द्रनाथ महाराज सहित जिले भर में अनेक प्रमुख आश्रम स्थित संत गुरुओं का वंदन किया गया। इस अवसर पर जिले के सभी संतों ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी सहित भाजपा कार्यकर्ताओं को असीम आशीर्वाद प्रदान करते हुए प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की मंगलकामना की। इस मौके पर भाजपा नेता विश्वंभर पूनिया, नगर मण्डल अध्यक्ष एव जिला प्रवक्ता कमल कान्त शर्मा, बीडीओ झुनझुनू , उमाशंकर महमिया, संजय मोरवाल, विकास पुरोहित, अनिल जोशी, जेपी चौधरी, रवि गुप्ता सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे ।
3/related/default