बानसूर (रमाकान्त शर्मा): कस्बे के महनपुर, कोथल और नांगल लाखा गांवों में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। कृषि प्रसार विशेषज्ञ डॉ.संदीप कुमार रस्तोगी ने बैठक का नेतृत्व किया। किसानों को नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इसमें फसल विविधिकरण, जल प्रबंधन और जैविक खेती शामिल थे। डॉ.रस्तोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के बारे में बताया। उन्होंने कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने की योजना समझाई। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए वैज्ञानिक तरीके से खेती पर जोर दिया गया। सरकार की ओर से मिलने वाले सहयोग और प्रशिक्षण की जानकारी दी गई। मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और किसान क्रेडिट कार्ड योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। केन्द्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ.सुशील कुमार शर्मा ने मिट्टी की उपयोगिता और प्रबंधन पर चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। उन्होंने अपनी शंकाएं रखीं। डॉ.शर्मा ने किसानों को पारंपरिक से तकनीक आधारित खेती की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
3/related/default