बानसूर (रमाकान्त शर्मा): कस्बे के होलावास ग्राम पंचायत के बिलाठ छाटक्या में एक लेपर्ड ने व्यक्ति पर हमला कर दिया। घटना बुधवार सुबह 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार पीड़ित भाग्गा राम बाल्मिकी बिलाठ का रहने वाला है। वह अपनी बकरियां चराने गया था, इसी दौरान लेपर्ड ने एक आवारा बछड़े पर हमला कर दिया। भाग्गा राम जब बछड़े को बचाने दौड़ा तो लेपर्ड ने उस पर हमला कर उसके सीने और हाथ पर हमला कर दिया, जिससे चिल्लाने पर ग्वालों के पहुंचने पर लेपर्ड भाग गया। ग्राम पंचायत सरपंच सतपाल चौधरी ने घायल को बानसूर उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायल से घटना की जानकारी ली।
सरपंच ने बताया कि कुछ दिन पहले भी एक युवक पर लेपर्ड ने हमला किया था। इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। रामपुर नाका फोरेस्टर ओमप्रकाश यादव ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम लेपर्ड की मॉनिटरिंग कर रही है। सरपंच ने वन विभाग से लेपर्ड को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है।