बानसूर (रमाकान्त शर्मा): नारायणपुर में विधायक देवीसिंह शेखावत के नेतृत्व में भारतीय सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा पुरुषोत्तम दास मंदिर से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी, जहां कस्बे वासियों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। विधायक शेखावत ने कहा कि ये यात्रा ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रहीं है, जो कि बानसूर विधानसभा के सभी मंडल स्तर, गांव और ढाणियों में भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं है बल्कि ये भारत की नारी शक्ति के संकल्प और सिंदूर की रक्षा का प्रतीक है। भारतीय सेना ने आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया है। विधायक ने कहा कि नया भारत अब चुप नहीं रहता। वो निर्णायक और साहसिक कार्रवाई करता है। उन्होंने कहा कि ये तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है। ये सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।
3/related/default