जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): महाशिवरात्रि के अवसर पर जयपुर के मानसरोवर कावेरी पथ स्थित शिव शक्ति मंदिर में भगवान भोलेनाथ का महाअभिषेक किया गया। इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक किया। शिव शक्ति मंदिर विकास समिति की ओर से प्रसाद के रूप में भक्तों को रुद्राक्ष और लड्डू वितरित किए गए। शिव शक्ति मंदिर विकास समिति के सचिव
पंकज शर्मा ने बताया की ये मंदिर सन 1992 से कार्यरत है और हर वर्ष ऐसे ही सभी धार्मिक कार्यक्रम होते आये है। कार्यक्रम के अंत में 501 दीयों से बाबा शिव की महाआरती का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालु सम्मिलित हुए और प्रसाद ग्रहण किया। देवाधिदेव महादेव की आराधना को समर्पित महाशिवरात्रि के पावन उपलक्ष्य पर सभी उपस्थित जनों ने भगवान नीलकंठ का रुद्राभिषेक कर लोकमंगल हेतु प्रार्थना की। इस आयोजन में शिव शक्ति मंदिर विकास समिति संरक्षक-नरेन्द्र कुमार हर्ष, अध्यक्ष-एम.एल. राजपूत, उपाध्यक्ष-दुर्गा प्रसाद जांगिड, सचिव-पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष-आशीष शर्मा एवं आए हुए श्रद्धालु सम्मिलित हुए।