कोटपूतली : राजमार्ग स्थित द राजस्थान स्कूल में शनिवार को चलित संग्रहालय (म्यूजियम ऑन व्हीलस) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तु संग्रहालय महाराष्ट्र व सिटी गु्रप के संयोजन में मुंबई से आये इस संग्रहालय को कोटपूतली क्षेत्र के विविध विद्यालय के विद्यार्थियों ने देखा। म्यूजियम ऑन व्हीलस टीम के सदस्य प्रताप पाटिल व गौरव जाधव ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तु संग्रहालय 103 साल पुराना संग्रहालय है। इस प्रदर्शनी का आयोजन बस के माध्यम से गत 08 वर्षों से किया जा रहा है और इसका मुख्य उद्देश्य देश के विविध शहरों में जाकर विद्यार्थियों को विश्व की प्राचीन सभ्यताओं से परिचित कराना है। इस प्रदर्शनी में इंडिया के साथ ही ग्रीस, इजिप्ट, असिरिया, रोम व अन्य देशों की प्राचीन व ऐतिहासिक सभ्यताओं स्थापत्य व मूर्ति कला को दर्शाना व उनके बारे में जानकारी देना है। प्रधानाचार्या शालिनी चौधरी ने कहा कि यह कोटपूतली क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिये सुनहरा अवसर रहा। इस प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को विविध ऐतिहासिक व प्राचीन सभ्यताओं को जानने व समझने का अवसर मिला है। विद्यार्थी ये जान पाये हैं कि विश्व की विविध प्राचीन सभ्यताओं में और भारत की प्राचीन सभ्यताओं में क्या समानता है। अन्य देशों की प्राचीन स्थापत्य व मूर्ति कला आकर्षक व अद्भुत होने के साथ ही हमारे देश की सभ्यताओं से कितनी भिन्न है। इस प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण 14वीं शताब्दी की छपाई शैली का प्रदर्शन रहा। इस प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान व गतिविधियों के द्वारा विविध सभ्यताओं को जानने का अवसर मिला है। इस हेतु हम आगंतुक टीम का आभार प्रकट करते हैं। बर्सर विकास चौधरी व उपप्रधानाचार्य रमेश सकलानी ने कहा कि यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि प्रदर्शनी हेतु हमारे विद्यालय का चयन किया गया और इसमें लगभग 1300 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी को देखने हेतु सभी बच्चें खासे उत्साहित नजर आयें। हम क्षेत्र के विद्यालयों के संस्था प्रधानों के आभारी है कि आपने अपने विद्यार्थियों को प्रदर्शनी देखने हेतु भेजा।
3/related/default