जयपुर : छोटी काशी के मंदिरों में अगले 40 दिन तक ब्रज की होली की मस्ती छाएगी। रविवार से इसकी शुरुआत ठाकुर श्री राधा गोविंद भगवान को पांच तरह की गुलाल अर्पित करने के साथ हो चुकी है। अब होली तक ठाकुरजी को राजभोग झांकी में गुलाल अर्पित की जाएगी। रचना झांकी में ठाकुर जी भक्तों संग होली खेलेंगे। इस दौरान ठाकुरजी वसंती पोशाक धारण कर कमर में फेंटा बांधकर दर्शन देंगे। उनकी यह भंगिमा होली के लिए तैयार होने का प्रतीक है।
गोविंद देवजी मंदिर में 23 फरवरी से 9 मार्च तक रचना झांकी सजेगी। दोपहर 12:30 से 12:45 बजे तक ठाकुर श्रीजी की विभिन्न लीलाओं का रंग-बिरंगी गुलाल से चित्रण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि ब्रज में होली की शुरुआत वसंत पंचमी से होती है। इस दिन होली का प्रतीक डांढ़ा गाढ़ा जाता है। चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर जी, पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ जी, सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित श्री सरस निकुंज, रामगंज बाजार के लाड़लीजी, चांदनी चौक स्थित आनंद कृष्ण बिहारी सहित अन्य वैष्णव मंदिरों में रंगों का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।