दौसा : शहर की मारुति कॉलोनी स्थित श्री पुष्पेश्वर महादेव मन्दिर पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन छप्पन भोग की सुन्दर झाँकी सजायी गयी। भागवत कथा में अतिथि के रूप में सुशील शर्मा पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी, समाजसेवी सत्यनारायण गुप्ता भाण्डारेज वाले पधारे। समिति द्वारा उनका माला, दुपट्टा व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कथा के मुख्य यजमान कल्याण सहाय सैनी सहित अन्य लोगों ने भी विधि विधान से पूजन करवाया।
कथा वाचक आचार्य परमानन्द शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीला, माखन चोरी लीला, गौ चारण लीला, गोवर्धन पूजा, कालीदेह लीला एवं छप्पन भोग का दर्शन कराया। साथ ही बताया कि हमें शुद्ध वातावरण के लिए सभी वृक्ष वनस्पति, नदियों का जल, वायुमंडल, भूमि आदि की शुद्धता और पवित्रता का ध्यान रखना चाहिए। यदि ये ही शुद्ध नहीं रहे तो इससे सबसे ज्यादा हानि हम ही लोगों को होगी। योगीराज श्रीकृष्ण ने स्वयं आकर प्रकृति को शुद्ध किया है। यमुना जल में कूद कर कालिया नाग रूपी विषैले नाग को वहां से भगा कर जल को शुद्ध किया, आकाशमार्ग में तृणावर्त को मारकर वायुमंडल शुद्ध किया, दावाग्नि का पान कर अग्नि के दोष को दूर किया, और ब्रज रज मुख में रखकर भूमि का दोष भी दूर किया है। प्रकृति की सुरक्षा के लिए भी श्री कृष्ण ने बहुत सुंदर सुन्दर संदेश दिया है। मिडिया प्रभारी कवि कृष्ण कुमार सैनी ने जानकारी दी कि इस दौरान संरक्षक मूलचन्द सैनी, अध्यक्ष कन्हैया लाल सैनी, संगठन मंत्री बृजकिशोर तिवाड़ी, कोषाध्यक्ष राधागोविन्द शर्मा, मुकेश शास्त्री, रुपकिशोर तिवाड़ी, पन्नालाल बैरवा उप निदेशक शिक्षा विभाग, जगदीश गुप्ता, विष्णु खत्री, बाबूलाल गुप्ता रामकरण शर्मा, चंद्रप्रकाश तिवाड़ी, अशोक खेड़ला, सतीश गुप्ता, लल्लू सैनी, बाबूलाल सैनी, सुनील सैनी, सीताराम सैनी आदि श्रद्धालू उपस्थित रहे।