बाड़ाबंदी की मस्ती का अंतिम दिन खत्म: आज खुलेगा परिणामों का पिटारा, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

AYUSH ANTIMA
By -
0


सीकर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पंचायत चुनाव में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए की गई बाड़ाबंदी की मस्ती का दिन खत्म हो चुका है। आज मतगणना के बाद परिणाम सामने आते ही तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। हारने वाले प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी वाली आजादी खत्म हो जाएगी, वहीं जीतने वाले प्रत्याशी प्रधान और जिला प्रमुख के चुनाव तक फिर से बाड़ाबंदी में रहेंगे। पिछले कई दिनों से भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने प्रत्याशियों को रिसॉर्ट, होटल और फार्म हाउस में ठहरा रखा है। पुष्कर, उदयपुर, बीकानेर, अजमेर सहित कई जगहों पर प्रत्याशी स्विमिंग पूल, सेल्फी, गीत-संगीत और खाने-पीने की मस्ती में समय बिता रहे हैं। घर-परिवार से दूर महिला प्रत्याशी भी इस दौरान जमकर मस्ती करती नजर आई।

*दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर*

सीकर जिले में इस बार पंचायत चुनाव भाजपा और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी पर कब्जे के लिए दोनों पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। किसकी बाड़ाबंदी सफल होगी और किसकी टूटेगी, इसका फैसला मतगणना के बाद ही होगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया, पूर्व विधायक रतन जलधारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला, पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा सीकर विधायक राजेंद्र पारीक अपनी खेली गई पारी में कितना सफल हो पाते हैं, यह नतीजा आने पर साफ हो जाएगा।

*आज से शुरू होगा असली खेल*

परिणाम आने के बाद हारने वाले प्रत्याशी अपने-अपने घर लौट जाएंगे, लेकिन जीतने वालों के लिए असली परीक्षा शुरू होगी। प्रधान और जिला प्रमुख के चुनाव के लिए दोनों पार्टियां जीतने वाले सदस्यों को फिर से बाड़ाबंदी में रखेंगी। इसके लिए पहले से ही रिसॉर्ट और होटल बुक कर लिए गए हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस बार मुकाबला बेहद कांटे का है। कई सीटों पर जीत-हार का अंतर बेहद कम रहने की संभावना है। ऐसे में निर्दलीय और बागी प्रत्याशी किंग मेकर की भूमिका निभा सकते हैं। अब सबकी नजरें आज आने वाले परिणामों पर टिकी हैं, जो सीकर की पंचायती राजनीति की नई तस्वीर तय करेंगे।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!