सीकर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना शुक्रवार को श्री कल्याण राजकीय कन्या महाविद्यालय में की जाएगी। मतगणना की तैयारियों के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना स्थल एवं पंचायत समितियों तथा जिला परिषद सदस्यों की मतगणना के लिए निर्धारित कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए मतगणना कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कार्मिकों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जा चुका है, जिसमें उन्हें मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना की समस्त कार्यवाही राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपादित करना सुनिश्चित करें।इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार महला सहित संबंधित प्रकोष्ठों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
By -
November 19, 2026
0
Tags: